Haryana

हरियाणा में स्कूली शिक्षा से भर्ती परीक्षाओं तक पहुंचेगा योग, CM नायब सैनी की कई बड़ी घोषणाएं

कक्षा 3 से 9 तक योग शिक्षा होगी अनिवार्य, मोरनी में बनेगा राज्य स्तरीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान

चंडीगढ़, 21 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने योग को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसलों की घोषणा की। उन्होंने शिक्षा, खेल, उच्च शिक्षा और भर्ती परीक्षाओं में योग को शामिल करने के साथ-साथ राज्य में योग से जुड़ी संस्थागत व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़े कदम उठाने की बात कही।

कक्षा 3 से 9 तक योग शिक्षा होगी पाठ्यक्रम का हिस्सा

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले शैक्षणिक सत्र से तीसरी से नौवीं कक्षा तक योग शिक्षा को पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक और भावनात्मक विकास को भी मजबूत करना है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के स्कूलों में योग को नियमित रूप से बढ़ावा देने के लिए पीटीआई, डीपीईडी, पीजीटी और चयनित पीआरटी शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को व्यवस्थित तरीके से योगाभ्यास कराया जा सके।

HSSC और HPSC परीक्षाओं में पूछे जाएंगे योग से जुड़े सवाल

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) और हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) की परीक्षाओं में योग से जुड़े प्रश्न शामिल किए जाएंगे। इसके लिए परीक्षा नीति में आवश्यक संशोधन किए जाएंगे।

मोरनी में बनेगा योग और प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान

नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंचकूला जिले के मोरनी क्षेत्र में प्राकृतिक चिकित्सा और योग का राज्य स्तरीय संस्थान स्थापित किया जाएगा। यहां स्नातक स्तर के पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे, जिससे युवाओं को इस क्षेत्र में शिक्षा और रोजगार के नए अवसर मिल सकेंगे।

विश्वविद्यालयों में बढ़ेगा योग का दायरा

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के विश्वविद्यालयों में विकसित किए जा रहे पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में योग को प्रमुख घटक के रूप में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा उच्च शिक्षण संस्थानों के स्पोर्ट्स विभागों का नाम बदलकर “स्पोर्ट्स एंड योग विभाग” किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य की खेल नीति में योगासन को खेल विधा के रूप में शामिल करने के लिए आवश्यक बदलाव किए जाएंगे, जिससे खिलाड़ियों को भी इसका लाभ मिल सके।

योग पाठ्यक्रम में शामिल होगा आयुर्वेद

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग शिक्षा के साथ आयुर्वेद से संबंधित विषयों को भी जोड़ा जाएगा। इसके अलावा, पहले से स्वीकृत आयुष योग प्रशिक्षकों और कोच के खाली पदों को जल्द भरने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

सरकारी स्कूलों में होगा राज्य गीत का सामूहिक गायन

उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश के सभी सरकारी विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान राज्य गीत का सामूहिक गायन सुनिश्चित किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों में अनुशासन, सांस्कृतिक मूल्यों और राज्य के प्रति गौरव की भावना विकसित होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य योग को केवल व्यायाम तक सीमित नहीं रखना, बल्कि इसे वैज्ञानिक और संतुलित जीवन पद्धति के रूप में स्थापित करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button