HaryanaPunjab

पंजाब के मुख्यमंत्री बताएं 56 में से कितने वादे पूरे हुए? सनौर से CM नायब सैनी का भगवंत मान पर सीधा हमला

सनौर: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के सनौर में शहीद-ए-आजम सरदार उधम सिंह के 87वें शहीदी दिवस समारोह में हिस्सा लेते हुए पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से सवाल किया कि विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए 56 वादों में से आखिर कितने पूरे किए गए हैं, जबकि अगले चुनाव में अब केवल कुछ महीने ही शेष हैं।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि सरकार ने अपने चुनावी वादों को कितना निभाया है। उन्होंने दावा किया कि केवल घोषणाएं करने से विकास नहीं होता, बल्कि उसके लिए स्पष्ट नीयत और प्रभावी कार्यान्वयन जरूरी है।

सरदार उधम सिंह के बलिदान को किया नमन

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने सरदार उधम सिंह के बलिदान को याद किया और कहा कि उनका जीवन अन्याय के खिलाफ संघर्ष का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उधम सिंह ने जलियांवाला बाग हत्याकांड का बदला लेकर देश के स्वाभिमान की रक्षा की और पूरी दुनिया को संदेश दिया कि भारत अन्याय के सामने झुकने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि सनौर केवल एक स्थान नहीं बल्कि देशभक्ति और बलिदान की प्रेरणादायी धरती है।

एक्साइज इंस्पेक्टर भर्ती पर भी उठाए सवाल

मुख्यमंत्री सैनी ने पंजाब में एक्साइज इंस्पेक्टर भर्ती प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता पर सवाल खड़े हुए हैं, जिससे युवाओं का भरोसा प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली युवाओं के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय स्वीकार नहीं किया जा सकता।

हरियाणा सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने हरियाणा सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में जनता से 217 संकल्प किए थे, जिनमें से 70 संकल्प लगभग डेढ़ वर्ष में पूरे किए जा चुके हैं और शेष वादों पर भी तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार विकास और जनकल्याण के एजेंडे पर लगातार आगे बढ़ रही है।

पंजाब की जनता से की अपील

मुख्यमंत्री ने पंजाब के लोगों से सरदार उधम सिंह के आदर्शों से प्रेरणा लेने की अपील करते हुए कहा कि यदि प्रदेश के लोग विकास और सुशासन के संकल्प के साथ आगे बढ़ें तो पंजाब नई ऊंचाइयों को छू सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा महापुरुषों के सम्मान और विकास की राजनीति में विश्वास रखती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button