अंबाला छावनी में सड़क नेटवर्क होगा मजबूत, 9.75 करोड़ से 10 प्रमुख सड़कों की मरम्मत को मंजूरी

चंडीगढ़: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने अंबाला छावनी के विकास को नई रफ्तार देने वाली बड़ी घोषणा की है। उन्होंने बताया कि 9.75 करोड़ रुपये की लागत से छावनी क्षेत्र की 10 महत्वपूर्ण सड़कों की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इस परियोजना को राज्य सरकार की मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
मंत्री ने कहा कि सड़कें बेहतर होने से न केवल लाखों वाहन चालकों को राहत मिलेगी, बल्कि अंबाला छावनी की आधारभूत संरचना भी और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और आधुनिक सड़क सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
इन क्षेत्रों को मिलेगा सीधा लाभ
अनिल विज के अनुसार, मरम्मत कार्य से नन्हेड़ा, रंगिया मंडी, मच्छौंडा, चंद्रपुरी, रामगढ़ माजरा, दलीपगढ़, पंजोखरा साहिब, मंडौर, धूलकोट और मुनरहेड़ी सहित कई ग्रामीण, सैन्य और शहरी क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इन मार्गों पर प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं, जिससे सड़क सुधार का सीधा लाभ आम लोगों को मिलेगा।
इन 10 सड़कों की होगी मरम्मत
- जीटी रोड से नन्हेड़ा एवं रंगिया मंडी तक लिंक रोड
- मच्छौंडा से चंद्रपुरी तक लिंक रोड
- एमईएस रोड से गांव रामगढ़ माजरा तक लिंक रोड
- राजकीय हाई स्कूल दलीपगढ़ से एमईएस रोड तक लिंक रोड
- जगाधरी रोड से मुनरहेड़ी तक लिंक रोड
- गुरुद्वारा पंजोखरा साहिब मुख्य एप्रोच रोड
- पंजोखरा साहिब गांव से फिरनी तक सड़क
- पंजोखरा साहिब से तिसिम्बली (पंजाब बॉर्डर) तक लिंक रोड
- अंबाला-नारायणगढ़ रोड से गुरुद्वारा पंजोखरा साहिब तक सड़क
- गांव मंडौर से धूलकोट पावर हाउस तक सड़क
महानगर बनने की दिशा में बढ़ रहा अंबाला छावनी
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सड़क निर्माण के साथ-साथ अंबाला छावनी का योजनाबद्ध शहरी विस्तार भी किया जा रहा है। रिंग रोड के आसपास लगभग 1,000 एकड़ क्षेत्र में नए सेक्टर विकसित करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उनका लक्ष्य अंबाला छावनी को आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक विकसित महानगर के रूप में स्थापित करना है।



