Haryana

भाजपा प्रशिक्षण शिविर में संगठन और राष्ट्रवाद पर जोर, डॉ. सतीश पूनिया बोले- कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत

पंचकूला में महाप्रशिक्षण अभियान के दूसरे दिन नेताओं ने संगठन विस्तार, राष्ट्रवाद और बूथ प्रबंधन पर दिए मंत्र

चंडीगढ़/पंचकूला, 24 मई। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय महाप्रशिक्षण अभियान के तहत पंचकूला में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन संगठन, राष्ट्रवाद और कार्यकर्ता विकास जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की मजबूती का आधार राष्ट्रवादी विचारधारा, मजबूत संगठन और व्यापक जनसमर्थन है।

“प्रशिक्षण से बढ़ती है संगठन की ताकत”

इतिहास और विकास विषय पर बोलते हुए डॉ. सतीश पूनिया ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की निरंतर प्रगति के लिए प्रशिक्षण आवश्यक होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व को निखारने के साथ-साथ उनकी कार्यक्षमता और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने भाजपा की वैचारिक यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी ने वर्षों के संघर्ष और संगठनात्मक मजबूती के दम पर राष्ट्रीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई है। डॉ. पूनिया ने कहा कि भाजपा का विकास केवल चुनावी सफलता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विचार और कार्यकर्ता आधारित संगठन का परिणाम है।

जनसंघ से भाजपा तक की यात्रा का उल्लेख

डॉ. पूनिया ने कहा कि शुरुआती दौर में जनसंघ को बहुत सीमित जनसमर्थन मिला था, लेकिन आज भाजपा दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक संगठनों में शामिल है। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनकी विचारधारा आज भी पार्टी की नीतियों में दिखाई देती है। उन्होंने आपातकाल, राम मंदिर आंदोलन और वर्तमान राजनीतिक परिवर्तनों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने हमेशा राष्ट्रहित और जनभावनाओं को प्राथमिकता दी है।

केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का किया उल्लेख

कार्यक्रम में मंत्री रणबीर गंगवा ने केंद्र और हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान और जरूरतमंद वर्ग तक योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने आयुष्मान भारत, चिरायु योजना, उज्ज्वला योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार किया है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि अब सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रही है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है।

“भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, विचार आधारित संगठन”

भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने वैचारिक अधिष्ठान विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा राष्ट्रवादी सोच पर आधारित संगठन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया। धनखड़ ने कहा कि भाजपा की राजनीति सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित के सिद्धांतों पर आधारित है और कार्यकर्ताओं की भूमिका संगठन की सबसे बड़ी ताकत होती है।

देश के सामने चुनौतियों पर भी हुई चर्चा

पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने राष्ट्र के समक्ष चुनौतियां विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि देश वर्तमान समय में सामाजिक, आर्थिक और वैचारिक चुनौतियों से गुजर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सकारात्मक माहौल तैयार करने और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।

बूथ प्रबंधन और डिजिटल अभियान पर जोर

भाजपा नेता अरविंद यादव ने चुनाव प्रबंधन पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देते हुए कहा कि किसी भी चुनाव में मजबूत बूथ संरचना जीत की कुंजी होती है। उन्होंने डिजिटल माध्यमों, सोशल मीडिया और जनसंपर्क अभियानों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया। वहीं देवेंद्र मनिहाल ने कार्यकर्ता विकास विषय पर संबोधन करते हुए कहा कि अनुशासन, सेवा भावना और जनता से निरंतर संपर्क ही एक समर्पित कार्यकर्ता की पहचान है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button