गुरुग्राम में मुख्यमंत्री की जनसुनवाई, अधिकांश शिकायतों का मौके पर निपटारा

गुरुग्राम : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में जनहित से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में कुल 15 शिकायतों पर सुनवाई हुई, जिनमें से 13 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि दो मामलों को विस्तृत रिपोर्ट के साथ अगली बैठक तक लंबित रखा गया। बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, पटौदी विधायक बिमला चौधरी, सोहना विधायक तेजपाल तंवर, गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
गुरुग्राम की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुग्राम को स्वच्छ, व्यवस्थित और आधुनिक शहर बनाने के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने निर्माण एवं विध्वंस (C&D) अपशिष्ट के वैज्ञानिक निस्तारण पर जोर देते हुए कहा कि खुले में मलबा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक महीने के भीतर यह सुनिश्चित किया जाए कि शहर में कहीं भी अवैध रूप से C&D वेस्ट दिखाई न दे।
CM Window शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं CM Window पर दर्ज शिकायतों की नियमित समीक्षा करते हैं। इसलिए सभी अधिकारी हर शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी और तय समय सीमा में समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी अधिकारी की लापरवाही या जानबूझकर देरी सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
वजीरपुर एन्क्लेव में जल्द सुधरेंगी मूलभूत सुविधाएं
बैठक के दौरान वजीरपुर एन्क्लेव के आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने सीवरेज, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सड़कों और बिजली व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को संयुक्त सर्वे कर प्राथमिकता के आधार पर सभी विकास कार्य तय समय सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र के लोगों को जल्द राहत मिल सके।
मेंटेनेंस के नाम पर बिजली काटने वाले बिल्डरों पर होगी कार्रवाई
सेक्टर-83 की आरडब्ल्यूए ने शिकायत की कि कुछ बिल्डर मेंटेनेंस शुल्क जमा न करने पर निवासियों के बिजली कनेक्शन काट रहे हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कोई भी बिल्डर इस तरह की कार्रवाई नहीं कर सकता। यदि कोई ऐसा करता पाया गया तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं होगा।
C&D वेस्ट फैलाने वालों से वसूला जाएगा पूरा खर्च
सेक्टर-102 में अवैध रूप से निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट डंप किए जाने की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जहां भी नियमों का उल्लंघन होगा, वहां जिम्मेदार बिल्डर या संस्था पर जुर्माना लगाया जाएगा और मलबा हटाने का पूरा खर्च भी उसी से वसूला जाएगा।



