Haryana

उझाना में बोले CM नायब सैनी: संत-महापुरुष समाज को सत्य, सेवा और राष्ट्रभक्ति की राह दिखाते हैं, गांव के विकास के लिए 1.51 करोड़ की घोषणा

जींद :हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि संत-महापुरुष समाज को सत्य, सेवा, समरसता और राष्ट्रभक्ति की राह दिखाते हैं। उनका जीवन समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है और नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि संतों के विचार सामाजिक सद्भाव, संस्कार और राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव रखते हैं।

मुख्यमंत्री सोमवार को जींद जिले के गांव उझाना में श्री श्री 1008 सिद्ध बाबा खाक नाथ महाराज के नवनिर्मित समाधि स्थल पर आयोजित मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह को संबोधित कर रहे थे।

गांव के विकास के लिए 1.51 करोड़ रुपये की घोषणा

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की मांगों को स्वीकार करते हुए सामुदायिक केंद्र के निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये तथा गांव के अन्य विकास कार्यों के लिए 51 लाख रुपये देने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि गांव में सड़क निर्माण, कुंड तालाब का जीर्णोद्धार, जल निकासी की स्थायी व्यवस्था और सरकारी स्कूल में विज्ञान संकाय शुरू कराने की दिशा में भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

गौसेवा और भारतीय संस्कृति का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने मंदिर में माथा टेककर पूजा-अर्चना की, यज्ञ में पूर्णाहुति दी और ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने उझाना धाम द्वारा संचालित गौशाला की सराहना करते हुए कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति की करुणा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। प्रकृति और गौमाता के संरक्षण की परंपरा भारत की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करती है।

सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिल रही है

नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को नई पहचान दिलाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने अयोध्या में श्रीराम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम और महाकाल लोक जैसे परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आधुनिक विकास के साथ-साथ भारत की आध्यात्मिक परंपराओं को भी नई ऊर्जा मिल रही है।

अन्य नेताओं ने भी की मुख्यमंत्री की सराहना

कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि संत समाज और मुख्यमंत्री का एक मंच पर उपस्थित होना प्रदेश के लिए शुभ संकेत है और इससे विकास तथा सामाजिक समरसता को नई गति मिलेगी।

हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने मुख्यमंत्री की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और युवाओं को योग्यता के आधार पर पारदर्शी भर्ती देने के लिए कार्य कर रही है।

वहीं राजस्थान के तिजारा से विधायक महंत योगी बालक नाथ ने कहा कि हरियाणा में आधारभूत ढांचे का तेजी से विकास हुआ है और सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय कार्य कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button