सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता पर सरकार का फोकस, शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने किया औचक निरीक्षण

पंचकूला। हरियाणा सरकार सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार निगरानी कर रही है। इसी कड़ी में प्रदेश के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने पंचकूला के सेक्टर-26 स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, स्वच्छता और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान शिक्षा मंत्री ने कक्षाओं, विज्ञान प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय और खेल मैदान का दौरा कर व्यवस्थाओं का आकलन किया। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए परिसर की सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
महीपाल ढांडा ने कहा कि हरियाणा सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक सरकारी विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी निजी स्कूलों के समान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए लगातार सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।
शिक्षकों से किया संवाद, नवाचार पर दिया जोर
शिक्षा मंत्री ने विद्यालय के शिक्षकों और प्रशासनिक स्टाफ के साथ बैठक कर शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल पढ़ाने का कार्य नहीं करते, बल्कि राष्ट्र निर्माण की नींव तैयार करते हैं।
उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को आधुनिक, प्रभावी और रुचिकर शिक्षण पद्धतियों के माध्यम से पढ़ाने का आग्रह किया, ताकि बच्चों में सीखने की स्वाभाविक रुचि विकसित हो और उनका समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
पढ़ाई के साथ खेलों को भी बताया जरूरी
मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल गतिविधियां भी उतनी ही महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने छात्रों को खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने पर जोर देते हुए कहा कि खेल मानसिक और शारीरिक विकास दोनों के लिए आवश्यक हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा देश को अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी देने वाला राज्य रहा है और भविष्य के ओलंपियन भी सरकारी विद्यालयों से ही तैयार हो सकते हैं।



