ChandigarhHaryana

हरियाणा में 50 लाख लाभार्थियों को बड़ी सौगात, CM नायब सैनी ने ट्रांसफर किए ₹1,595 करोड़

चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने सोमवार को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत प्रदेश के लाखों लाभार्थियों को बड़ी आर्थिक राहत दी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने DBT के जरिए 50,04,873 पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल ₹1,595 करोड़ 50 लाख की राशि सीधे ट्रांसफर की।

सरकार के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य योजनाओं का लाभ बिना किसी बिचौलिए के सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाना और पारदर्शी व्यवस्था को मजबूत करना है।

लाडो लक्ष्मी योजना की 10वीं किस्त जारी

मुख्यमंत्री ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 10वीं किस्त भी जारी की। इसके तहत 9,98,000 महिलाओं के खातों में ₹209 करोड़ 62 लाख भेजे गए। सरकार के अनुसार, योजना की शुरुआत से अब तक 10 किस्तों के माध्यम से लाभार्थियों को ₹2,042 करोड़ 31 लाख की राशि दी जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना की पात्रता के लिए निर्धारित आय सीमा को ₹1 लाख से बढ़ाकर ₹1.80 लाख किया जाएगा। इसके लिए चालू वित्त वर्ष में योजना के तहत ₹6,500 करोड़ का बजट प्रावधान किया गया है। इससे और अधिक महिलाएं योजना के दायरे में आ सकेंगी।

 सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए ₹1,124.94 करोड़

सरकार ने 15 सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 34,93,978 लाभार्थियों के खातों में ₹1,124 करोड़ 94 लाख ट्रांसफर किए। इनमें वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, दिव्यांग भत्ता और अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने लाभार्थियों तक सहायता पहुंचाने के लिए प्रो-एक्टिव मॉडल अपनाया है। परिवार पहचान पत्र के डेटा के आधार पर पात्रता निर्धारित कर पात्र लोगों को बिना आवेदन और सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाए लाभ देने की व्यवस्था की गई है।

 दयालु योजना से 6,224 परिवारों को मदद

दयालु योजना के तहत भी सरकार ने 6,224 परिवारों को ₹234 करोड़ 77 लाख की आर्थिक सहायता दी। सरकार के मुताबिक, योजना के तहत अब तक 83,536 परिवारों को ₹3,152 करोड़ 48 लाख की सहायता दी जा चुकी है। वहीं दयालु योजना-2 के तहत पशुओं के हमले या कुत्ते के काटने जैसी घटनाओं में आकस्मिक मृत्यु, दिव्यांगता या चोट की स्थिति में प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता देने का प्रावधान किया गया है।

 हर घर-हर गृहिणी योजना की सब्सिडी भी जारी

हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत जून महीने की ₹19.17 करोड़ की सब्सिडी 4,93,434 महिलाओं के बैंक खातों में भेजी गई। सरकार के मुताबिक पात्र महिलाओं को ₹500 में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। अब तक इस योजना के तहत 15,06,364 लाभार्थियों के खातों में ₹340 करोड़ 14 लाख की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है।

70 हजार एकड़ में हरित खाद फसलों का सत्यापन

मुख्यमंत्री ने बताया कि खरीफ 2026 के दौरान प्रदेश में हरित खाद फसलों की खेती को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार के अनुसार, 5,844 किसानों द्वारा 36,670 एकड़ में ढैंचा और 7,393 किसानों द्वारा 33,330 एकड़ में मूंग व अन्य हरित खाद फसलों की खेती का सत्यापन किया गया है।इस तरह कुल 13,237 किसानों के 70,000 एकड़ क्षेत्र में हरित खाद फसलों की खेती का सत्यापन पूरा हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button