हिसार के बरवाला में बनेगा 50 बेड का आधुनिक अस्पताल, हरियाणा सरकार ने दी ₹65.66 करोड़ की मंजूरी

चंडीगढ़, 13 जुलाई: हरियाणा सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक अहम फैसला लेते हुए हिसार जिले के बरवाला कस्बे में 50 बेड के आधुनिक अस्पताल के निर्माण को प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर करीब ₹65.66 करोड़ (6,566.52 लाख रुपये) की लागत आने का अनुमान है।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी शहरों जैसी गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से बरवाला में नए अस्पताल का निर्माण कराया जाएगा।
मौजूदा SDH परिसर में बनेगा नया अस्पताल
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इस परियोजना के लिए अलग से जमीन अधिग्रहित करने की जरूरत नहीं होगी। नया अस्पताल बरवाला के वर्तमान सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल (SDH) परिसर में ही बनाया जाएगा। इससे निर्माण कार्य में तेजी आएगी और परियोजना को समय पर पूरा करने में आसानी होगी।
दर्जनों गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
50 बेड का नया अस्पताल बनने के बाद बरवाला और आसपास के कई गांवों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। गंभीर मरीजों को उपचार के लिए हिसार या अन्य बड़े शहरों में जाने की आवश्यकता कम होगी। अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ मरीजों के इलाज की क्षमता भी बढ़ेगी, जिससे क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
ग्रामीण स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने पर सरकार का जोर
आरती सिंह राव ने कहा कि हरियाणा सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार निवेश कर रही है। ग्रामीण इलाकों में अस्पतालों के विस्तार और आधुनिक सुविधाओं के विकास से आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उनके घर के नजदीक उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।



