गुरुग्राम एनकाउंटर: पुलिस मुठभेड़ में दीपक नांदल गैंग के 4 शूटर ढेर, एक घायल

गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम स्थित सुशांत लोक इलाके में गुरुवार शाम पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दीपक नांदल गैंग के चार शूटर मारे गए, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस कार्रवाई के दौरान तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि एक कार में हथियारबंद बदमाश इलाके में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम ने पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान पता चला कि लंबे समय से रंगदारी की धमकियां झेल रहे एक प्रमुख कारोबारी के घर पर बदमाशों ने हमला कर दिया और फायरिंग शुरू कर दी।
आत्मसमर्पण के बजाय पुलिस पर चलाई गोलियां
एसीपी सदर धर्मवीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया। हालांकि बदमाशों ने हथियार डालने के बजाय पुलिस टीम पर ही गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
मुठभेड़ के दौरान पांचों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार आरोपियों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक का इलाज जारी है।
तीन पुलिसकर्मी भी हुए घायल
इस ऑपरेशन में पुलिस के तीन जवान भी घायल हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक उनकी हालत स्थिर है और उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है।
विदेश से मिल रही थीं धमकियां
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस कारोबारी के घर पर हमला हुआ, उसे काफी समय से विदेश में बैठे गैंगस्टर की ओर से रंगदारी की मांग और धमकी भरे कॉल मिल रहे थे। पुलिस इस पहलू की भी गहराई से जांच कर रही है कि हमले की साजिश किस स्तर पर तैयार की गई थी।



