Haryana

पानीपत हादसा: अवैध खनन के डंपर ने उजाड़ा परिवार, 8 महीने की गर्भवती महिला की दर्दनाक मौत

पानीपत: हरियाणा के पानीपत जिले के समालखा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। राक्सेड़ा गांव के पास रेत से भरे तेज रफ्तार डंपर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिसमें आठ महीने की गर्भवती महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में महिला का अजन्मा बच्चा भी नहीं बच सका, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतका की पहचान हथवाला गांव निवासी 23 वर्षीय प्रीति के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने पति संदीप जांगड़ा के साथ दवा लेने के लिए गन्नौर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

कई फुट दूर गिरी महिला, मौके पर हुई मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रीति सड़क पर कई फुट दूर जा गिरीं और डंपर के पहिए की चपेट में आ गईं। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। संदीप को गंभीर चोटों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया था, लेकिन बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

ग्रामीणों में भारी आक्रोश, अवैध खनन पर उठे सवाल

घटना के बाद राक्सेड़ा समेत आसपास के गांवों में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यमुना क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत खनन का कारोबार चल रहा है, जिसके चलते भारी डंपर गांवों की सड़कों और गलियों में तेज रफ्तार से दौड़ते हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि राक्सेड़ा, बुढ़नपुर, कारकोली, सिंभलगढ़ और हथवाला इलाके में डंपरों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे आम लोगों की जान खतरे में पड़ गई है। ग्रामीणों ने दावा किया कि इस संबंध में कई बार प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को शिकायतें दी गईं, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि अवैध खनन और बेलगाम डंपरों पर जल्द रोक नहीं लगाई गई तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। लोगों का कहना है कि लगातार हो रहे हादसों के बावजूद जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठे हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर समालखा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार आरोपी डंपर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button