Anil Vij के सख्त तेवर! लापरवाही पर फोरमैन-ट्यूबवेल ऑपरेटरों की जांच के आदेश, बोरवेल हादसे और महिला उत्पीड़न मामलों में भी एक्शन

अंबाला छावनी: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने गुरुवार को अंबाला छावनी स्थित अपने आवास पर आयोजित जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों और पुलिस प्रशासन से जुड़ी शिकायतों पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने जनस्वास्थ्य विभाग में कथित लापरवाही, बोरवेल हादसे, महिला उत्पीड़न और अन्य मामलों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की होगी जांच
वार्ड नंबर-10 के पार्षद द्वारा दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया कि जनस्वास्थ्य विभाग का एक फोरमैन और उसके अधीन कार्यरत तीन ट्यूबवेल ऑपरेटर अपनी जिम्मेदारियों का सही तरीके से निर्वहन नहीं कर रहे हैं। शिकायत में यह भी कहा गया कि कर्मचारियों से निजी कार्य कराए जा रहे हैं, जिससे पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ऊर्जा मंत्री ने विभाग के अधीक्षण अभियंता (SE) को जांच के आदेश देते हुए सात दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बोरवेल हादसे में मृत बच्चे के परिवार को कार्रवाई का भरोसा
धन्यौड़ा गांव में बोरवेल में गिरने से जान गंवाने वाले बालक निरवैर सिंह के परिजन भी मंत्री से मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद भी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। मंत्री विज ने परिजनों को आश्वस्त किया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
महिला उत्पीड़न के मामले में FIR दर्ज करने के निर्देश
जनसुनवाई के दौरान अंबाला छावनी की एक महिला ने आरोप लगाया कि घरेलू विवाद के बाद उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया गया। शिकायत के बावजूद कई महीनों तक मामला दर्ज नहीं होने की बात सामने आई।
ऊर्जा मंत्री ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को तुरंत मामला दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अन्य शिकायतों पर भी अधिकारियों को निर्देश
इसके अलावा टुंडला निवासी महिला द्वारा पड़ोसियों पर अभद्र व्यवहार करने, घसीटपुर निवासी परिवार की शिकायत तथा बिजली कनेक्शन से जुड़े मामलों पर भी मंत्री ने संबंधित विभागों और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
भाजपा के नवनियुक्त युवा प्रभारी ने लिया आशीर्वाद
जनसुनवाई के बाद भाजपा ग्रामीण मंडल के नवनियुक्त युवा प्रभारी रवि कुमार ने कार्यकर्ताओं के साथ मंत्री अनिल विज से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान मंत्री ने संगठन को मजबूत करने और जनसेवा के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का संदेश दिया।



