Haryana Congress का BJP सरकार पर हमला, बोले- शहरों में जाम, गंदा पानी और पेयजल संकट से जनता बेहाल

Haryana News: हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने राज्य के विभिन्न शहरों में बढ़ती ट्रैफिक समस्या, पेयजल की कमी और दूषित पानी की आपूर्ति को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम, फरीदाबाद समेत प्रदेश के कई शहरों में लोग रोजाना जाम और पानी की समस्याओं से जूझ रहे हैं, जबकि सरकार इन मुद्दों के स्थायी समाधान में विफल रही है।
गुरुग्राम-फरीदाबाद में जाम से बढ़ रही परेशानी
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि बड़े शहरों के साथ-साथ छोटे कस्बों में भी ट्रैफिक जाम आम समस्या बन चुकी है। गुरुग्राम और फरीदाबाद में घंटों लगने वाले जाम से लोगों का समय और ईंधन दोनों बर्बाद हो रहे हैं। उनका कहना है कि इसका असर आम नागरिकों के साथ-साथ व्यापार, उद्योग और राज्य की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ रहा है।
उन्होंने विशेष रूप से मानेसर से दिल्ली एयरपोर्ट जाने वाले मार्ग का जिक्र करते हुए कहा कि भारी ट्रैफिक के कारण कई यात्री समय पर हवाई अड्डे तक नहीं पहुंच पाते, जिससे उनकी उड़ानें छूट जाती हैं और आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है।
दूषित पानी और पेयजल संकट पर उठाए सवाल
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राज्य के कई क्षेत्रों में लोगों को पर्याप्त पेयजल नहीं मिल रहा है, जबकि कई जगहों पर दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। उन्होंने कहा कि साफ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन इस दिशा में अपेक्षित सुधार नहीं दिखाई दे रहा।
मानसून में बढ़ सकती हैं मुश्किलें
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि मानसून के दौरान जलभराव, गंदे पानी और ट्रैफिक की समस्याएं और गंभीर हो जाती हैं। ऐसे में सरकार को पहले से तैयारी करते हुए प्रभावी और समयबद्ध कदम उठाने चाहिए ताकि लोगों को राहत मिल सके।



