पंचकूला में 5 सितंबर को राज्य शिक्षक पुरस्कार समारोह, राज्यपाल-CM 79 उत्कृष्ट शिक्षकों को करेंगे सम्मानित

चंडीगढ़, 3 सितंबर: शिक्षक दिवस के अवसर पर हरियाणा सरकार की ओर से 5 सितंबर को पंचकूला में राज्य शिक्षक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रदेश के 79 चयनित शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा।
हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने बताया कि समारोह का आयोजन पंचकूला स्थित लोक निर्माण विभाग (PWD) ऑडिटोरियम में किया जाएगा।
राज्यपाल होंगे मुख्य अतिथि, CM नायब सैनी करेंगे अध्यक्षता
शिक्षक पुरस्कार समारोह में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। वहीं, कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे।
इस दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 79 शिक्षकों को उनकी सेवाओं, समर्पण और योगदान के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
‘शिक्षक समाज के शिल्पकार’
शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देने का काम नहीं करते, बल्कि वे समाज और राष्ट्र के भविष्य को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य शिक्षक पुरस्कार उन शिक्षकों के समर्पण, मेहनत और नवाचारों को सम्मानित करने का माध्यम है, जिन्होंने विभिन्न चुनौतियों के बावजूद शिक्षा की गुणवत्ता को बनाए रखने और विद्यार्थियों के विकास के लिए उल्लेखनीय प्रयास किए।
मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार शिक्षकों के कल्याण और प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में लगातार सुधार के लिए प्रतिबद्ध है।
समारोह की तैयारियां पूरी
विद्यालय शिक्षा निदेशालय की ओर से समारोह को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहेंगे।
शिक्षा मंत्री ने राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित सभी 79 शिक्षकों को अग्रिम बधाई देते हुए कहा कि उनका सम्मान प्रदेश के अन्य शिक्षकों को भी अपने विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।



