गन्ना किसानों के लिए बड़ी खबर, सरकार देगी कृषि यंत्रों पर सब्सिडी; 30 सितंबर तक आवेदन

चंडीगढ़, 3 सितंबर: हरियाणा सरकार ने वर्ष 2026-27 के लिए गन्ना किसानों के हित में सब्सिडी योजनाओं की शुरुआत की है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से ‘गन्ना तकनीकी उद्देश्य परियोजना’ के तहत किसानों को आधुनिक तकनीक अपनाने और प्रदर्शन प्लॉट लगाने के लिए वित्तीय सहायता दी जाएगी।
इसके अलावा राज्य सरकार गन्ने की खेती में मशीनीकरण को बढ़ावा देने के लिए ‘Mechanization in Sugarcane Implements’ योजना के तहत विभिन्न कृषि यंत्रों पर भी सब्सिडी उपलब्ध करा रही है।
इन क्षेत्रों के किसान उठा सकेंगे योजना का लाभ
‘गन्ना तकनीकी उद्देश्य परियोजना’ का लाभ राज्य के प्रमुख गन्ना उत्पादक क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले किसान उठा सकते हैं। इनमें यमुनानगर, नारायणगढ़, शाहाबाद, करनाल, असंध, भादसों, पानीपत, कैथल, रोहतक, सोनीपत, जींद, पलवल, भूना, गोहाना और महम शामिल हैं।
इन क्षेत्रों में सहायक गन्ना विकास अधिकारियों के क्षेत्राधिकार में आने वाले किसानों को निर्धारित गतिविधियों के लिए अनुदान राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
आधुनिक तकनीक से गन्ने की खेती पर जोर
विभाग के अनुसार किसानों को गन्ने की अधिसूचित और सिफारिश की गई किस्मों की आधुनिक तकनीकों से बिजाई के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
योजना के तहत 4 फीट चौड़ी पंक्ति दूरी (Wide Row Spacing), Single-Bud, Bud-Chip, Foundation Seed Nursery, बीज उपचार और 4 फीट की चौड़ी पंक्ति में पेड़ी प्रबंधन (Ratoon Management) जैसी तकनीकों से प्रदर्शन प्लॉट लगाने वाले किसानों को अनुदान का लाभ दिया जाएगा।
30 सितंबर तक कर सकते हैं आवेदन
जिन किसानों ने वसंत या ग्रीष्म ऋतु में अप्रैल के बाद गन्ने की बिजाई की है, वे योजना का लाभ लेने के लिए 30 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
वहीं, जो किसान आगामी अक्टूबर-नवंबर में शरद ऋतु के दौरान गन्ने की बिजाई करने वाले हैं, उनके लिए आवेदन की अवधि 1 अक्टूबर 2026 से 31 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।
इच्छुक किसान कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट agriharyana.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।



