Haryana

महेंद्रगढ़ के डोंगरा अहीर में खुलेगा नया राजकीय नर्सिंग कॉलेज

चंडीगढ़, 14 जुलाई – हरियाणा सरकार ने राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। सरकार द्वारा महेंद्रगढ़ जिले के गांव डोंगरा अहीर में नया राजकीय नर्सिंग कॉलेज खोलने की औपचारिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है और जल्द ही इस परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए आगामी विभागीय कार्यवाही शुरू कर दी जाएगी।

हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि डोंगरा अहीर और आसपास के क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा काफी समय से यहां एक नर्सिंग कॉलेज खोलने की मांग की जा रही थी। ग्रामीणों की इस बेहद जरूरी और वाजिब मांग को प्राथमिकता देते हुए सरकार ने इसे तुरंत मंजूरी दी है। उन्होंने बताया कि इस कॉलेज के खुलने से न केवल डोंगरा अहीर बल्कि महेंद्रगढ़ जिले के दर्जनों गांवों की बेटियों को सीधे तौर पर लाभ पहुंचेगा। अब ग्रामीण क्षेत्र की युवतियों को नर्सिंग जैसे सम्मानजनक और प्रोफेशनल कोर्स की पढ़ाई करने के लिए अपने घर से दूर बड़े शहरों में नहीं भटकना पड़ेगा और वे अपने क्षेत्र में ही रहकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकेंगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने आगे कहा कि इस संस्थान के शुरू होने से क्षेत्र की बेटियों के लिए स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए द्वार खुलेंगे, जिससे वे आर्थिक और सामाजिक रूप से सुदृढ़ बन सकेंगी। इसके साथ ही, इस कॉलेज की स्थापना से पूरे क्षेत्र के चिकित्सा ढांचे को भी मजबूती मिलेगी और आने वाले समय में स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ हो सकेंगी। विभाग को इस संबंध में जल्द से जल्द आगे की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दे दिए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button