HaryanaPunjab

चमकौर साहिब की पवित्र धरती त्याग, साहस और सेवा की जीवंत पाठशाला: CM नायब सैनी

चंडीगढ़, 3 सितंबर: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को पंजाब के चमकौर साहिब स्थित गुरुद्वारा श्री कतलगढ़ साहिब में माथा टेका। मुख्यमंत्री ने गुरु चरणों में शीश नवाकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और हरियाणा-पंजाब के बीच आपसी भाईचारे की मजबूती के लिए अरदास की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने अमर शहीद बीबी शरण कौर के नाम से ऐतिहासिक द्वार के निर्माण के लिए 21 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

साहिबजादों के बलिदान को किया याद

साध-संगत को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गुरुद्वारा श्री कतलगढ़ साहिब की पवित्र धरती पर गुरु चरणों में शीश नवाने का अवसर उनके लिए भावुक और गौरवपूर्ण क्षण है।

उन्होंने कहा कि चमकौर साहिब त्याग, शहादत, सम्मान, सेवा, साहस और अदम्य आत्मबल की प्रेरणादायक भूमि है। यह स्थान दशम पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के बड़े साहिबजादे बाबा अजीत सिंह जी और बाबा जुझार सिंह जी के महान बलिदान की स्मृति से जुड़ा है।

मुख्यमंत्री ने बीबी शरण कौर के साहस और सेवाभाव को भी याद किया। उन्होंने कहा कि साहिबजादों के बलिदान के बाद बीबी शरण कौर ने जिस साहस और सेवा भावना के साथ उनका अंतिम संस्कार किया, वह इतिहास में अदम्य वीरता और सेवाभाव की मिसाल है।

‘महिलाएं सेवा और साहस में किसी से पीछे नहीं’

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीबी शरण कौर का जीवन यह संदेश देता है कि सेवा और साहस के क्षेत्र में महिलाएं कभी किसी से पीछे नहीं रही हैं। उन्होंने कहा कि हमें अपने बच्चों को केवल सफल बनने के लिए नहीं, बल्कि संस्कारवान बनने के लिए भी प्रेरित करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि महान गुरुओं और पुरखों का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए ऐसी विरासत छोड़ने की प्रेरणा देता है, जिससे समाज में सेवा, त्याग और मानवीय मूल्यों को मजबूती मिले।

गुरु तेगबहादुर जी के 350वें शहीदी वर्ष का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार महान गुरुओं की शिक्षाओं और उनके दिखाए मार्ग पर आगे बढ़ने का प्रयास कर रही है। उन्होंने गुरु तेगबहादुर जी के 350वें शहीदी वर्ष के अवसर पर हरियाणा में आयोजित कार्यक्रमों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र में विशाल समागम आयोजित किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पहुंचकर गुरु चरणों में शीश नवाया। मुख्यमंत्री के अनुसार कुरुक्षेत्र में करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से सिख म्यूजियम का निर्माण कराया जा रहा है, जिसका उद्देश्य गुरुओं के संदेश और शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाना है।

विकसित भारत के संकल्प का किया आह्वान

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लोगों से देश को आगे बढ़ाने और विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास में योगदान देने की अपील भी की।

हरियाणा सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने हरियाणा सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा द्वारा लिए गए 217 संकल्पों में से 70 घोषणाएं करीब डेढ़ साल में पूरी की जा चुकी हैं।

उन्होंने महिलाओं को 2,100 रुपये प्रतिमाह देने की घोषणा का भी उल्लेख किया और सरकार की ओर से इसके लिए बजट प्रावधान किए जाने की जानकारी दी।

किसानों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा देश का एकमात्र ऐसा राज्य है जहां सभी फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि फसल खरीद के 72 घंटे के भीतर किसानों के खातों में भुगतान पहुंचाया जाता है और देरी होने की स्थिति में ब्याज का प्रावधान है।

उन्होंने सब्जी और फल उत्पादक किसानों के लिए भावांतर भरपाई योजना और फसल खराब होने पर दी गई आर्थिक सहायता का भी उल्लेख किया।

आयुष्मान योजना और गैस सिलेंडर का भी जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में बड़ी संख्या में लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिल रहा है। उन्होंने योजना के तहत इलाज के लिए सरकार की ओर से किए गए भुगतान का भी जिक्र किया।

इसके अलावा उन्होंने कम वार्षिक आय वाले परिवारों के लिए 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की योजना की जानकारी भी साझा की।

नई पीढ़ी तक पहुंचानी होगी शहीदों की गाथा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जिस पीढ़ी को अपने महापुरुषों और शहीदों के इतिहास की जानकारी होती है, उसे अपने संस्कारों और मूल्यों से भटकाना मुश्किल होता है।

उन्होंने समाज से साहिबजादों के शौर्य और बलिदान की गाथा नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा बीबी शरण कौर के साहस और सेवाभाव से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि साहिबजादों के साहस, सेवा और धर्मनिष्ठा को अपने जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button