Haryana

अंबाला से मथुरा-वृंदावन तक सीधी AC बस सेवा शुरू, श्रद्धालुओं को बड़ी राहत; अनिल विज के प्रयासों से मिली नई सुविधा

चंडीगढ़ | हरियाणा के श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक यात्रा अब पहले से कहीं अधिक आसान होने जा रही है। परिवहन मंत्री अनिल विज की पहल पर अंबाला से मथुरा-वृंदावन के लिए पहली बार सीधी एसी बस सेवा शुरू कर दी गई है। इस नई सुविधा से यात्रियों को अब बीच रास्ते में बस बदलने की परेशानी नहीं होगी और वे आरामदायक सफर के साथ सीधे भगवान श्रीकृष्ण की नगरी पहुंच सकेंगे।

क्या है नई बस सेवा की खासियत?

हरियाणा रोडवेज की यह एसी बस प्रतिदिन सुबह 5:30 बजे अंबाला छावनी बस अड्डे से रवाना होगी और लगभग 9 घंटे की यात्रा पूरी कर दोपहर 2:30 बजे मथुरा-वृंदावन पहुंचेगी। वापसी में बस रात 8:30 बजे मथुरा से चलेगी और अगले दिन सुबह अंबाला पहुंचेगी।

इस रूट के लिए रोडवेज ने दो एसी बसें आरक्षित की हैं, जिन्हें बारी-बारी से संचालित किया जाएगा ताकि सेवा नियमित बनी रहे।

किन-किन शहरों से मिलेगा लाभ?

यह बस अंबाला से चलकर करनाल, पानीपत, दिल्ली, फरीदाबाद, बल्लभगढ़ और पलवल होते हुए करीब 395 किलोमीटर का सफर तय करेगी। इससे केवल अंबाला ही नहीं बल्कि पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, हिमाचल प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को भी सीधा लाभ मिलेगा।

यात्रियों की सुविधा का रखा गया विशेष ध्यान

लंबी यात्रा को आरामदायक बनाने के लिए बस में पेयजल (वॉटर कैंपर) की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा यात्रा के दौरान आवश्यक स्थानों पर बस का निर्धारित ठहराव भी रहेगा, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

पहले क्या थी परेशानी?

अब तक अंबाला से मथुरा-वृंदावन जाने वाले यात्रियों को दिल्ली या अन्य शहरों में बस बदलनी पड़ती थी। इससे समय और खर्च दोनों बढ़ जाते थे। नई सीधी एसी बस सेवा शुरू होने से यात्रा अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और समय बचाने वाली हो गई है।

श्रद्धालुओं ने जताया आभार

नई बस सेवा शुरू होने के बाद श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। सूरज राणा, सुनील चोपड़ा, अजय कपूर, रमेश डांग, विशाल और विजय सहित कई यात्रियों ने इस पहल के लिए परिवहन मंत्री अनिल विज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे धार्मिक यात्रा पहले की तुलना में काफी आसान हो जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button