Haryana News: वर्ल्ड बैंक के सहयोग से AI आधारित गवर्नेंस को बढ़ावा, कोरिया डिजिटल समिट में दिखेगा हरियाणा मॉडल

Haryana News: हरियाणा सरकार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल तकनीक के जरिए सुशासन को नई दिशा देने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में वर्ल्ड बैंक के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक कर AI, डिजिटल गवर्नेंस, कौशल विकास और डेटा आधारित प्रशासन को मजबूत बनाने पर विस्तृत चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल नई तकनीक अपनाना नहीं, बल्कि उसका सीधा लाभ आम नागरिक तक पहुंचाना है, ताकि सरकारी सेवाएं अधिक पारदर्शी, तेज और प्रभावी बन सकें।
कोरिया डिजिटल समिट में पहुंचेगा हरियाणा का AI मॉडल
बैठक में वर्ल्ड बैंक के अधिकारियों ने जानकारी दी कि 19 से 22 अक्टूबर के बीच कोरिया डिजिटल समिट में हरियाणा सरकार और वर्ल्ड बैंक के सहयोग से विकसित AI Sandbox को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा। इस समिट में दुनिया के कई देशों के आईटी मंत्री और डिजिटल विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भी इस कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है।
PPP 2.0 होगा और अधिक स्मार्ट
मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवार पहचान पत्र (PPP) राज्य की सबसे सफल डिजिटल पहलों में से एक है। अब इसे और अधिक आधुनिक, स्मार्ट और उपयोगकर्ता अनुकूल बनाने के लिए PPP 2.0 विकसित किया जाएगा, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक और तेजी से पहुंचे।
AI से वायु प्रदूषण पर नियंत्रण की तैयारी
मुख्यमंत्री ने वर्ल्ड बैंक से Air Quality Decision Support System विकसित करने में सहयोग का अनुरोध किया। उनका कहना है कि AI आधारित तकनीकों की मदद से हरियाणा में वायु प्रदूषण पर अधिक प्रभावी नियंत्रण किया जाएगा।
250 स्टार्टअप्स ने दिखाई नवाचार की ताकत
मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में आयोजित Innovation Challenge में करीब 250 स्टार्टअप्स और कंपनियों ने भाग लिया। सरकार इन नवाचारों को विभिन्न विभागों में लागू कर नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम करेगी।



