Haryana News: उत्कृष्ट शिक्षा पुरस्कार समारोह में CM नायब सैनी ने मेधावी विद्यार्थियों का बढ़ाया हौसला

Haryana News: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की पढ़ाई संसाधनों की कमी के कारण न रुके। उन्होंने कहा कि शिक्षा में समान अवसर, पारदर्शिता और योग्यता का सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
अंबाला में आयोजित ‘उत्कृष्ट शिक्षा पुरस्कार-2026’ समारोह में मुख्यमंत्री ने 70 से अधिक स्कूलों के 250 से ज्यादा मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
‘मेहनत पर भरोसा, सिफारिश पर नहीं’
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हरियाणा का युवा पूरे विश्वास के साथ कह सकता है कि उसकी सफलता उसकी मेहनत और प्रतिभा पर निर्भर है, न कि सिफारिश या खर्ची-पर्ची पर। उन्होंने कहा कि पारदर्शी व्यवस्था ही नए हरियाणा की पहचान बन चुकी है।
विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों और अभिभावकों का भी सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान केवल विद्यार्थियों का नहीं, बल्कि उनके माता-पिता के त्याग और शिक्षकों की मेहनत का भी सम्मान है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियां विकसित भारत और विकसित हरियाणा के सपने को साकार करने की दिशा में प्रेरणादायक हैं।
‘अंक नहीं, संस्कार भी जरूरी’
नायब सैनी ने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि परीक्षा में अच्छे अंक महत्वपूर्ण हैं, लेकिन जीवन में संस्कार, अनुशासन और अच्छा आचरण ही व्यक्ति की वास्तविक पहचान बनाते हैं। उन्होंने युवाओं से अपने माता-पिता, गुरुजनों और देश के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
भर्ती प्रक्रिया पर भी दिया संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट आधारित बनाया है। अब युवाओं को नौकरी के लिए किसी सिफारिश की आवश्यकता नहीं, बल्कि योग्यता के आधार पर अवसर मिल रहे हैं।
सरकारी स्कूलों के छात्रों के लिए विशेष योजनाएं
उन्होंने बताया कि मिशन बुनियाद, सुपर-100, संस्कृति मॉडल स्कूल और पीएम श्री स्कूल जैसी योजनाओं से सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिल रहा है।
खेल नीति की भी सराहना
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रमंडल खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन को राज्य की खेल नीति का परिणाम बताते हुए कहा कि सरकार खिलाड़ियों को हर स्तर पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।



