Haryana

कांग्रेस की जिलावार बैठकों के चौथे चरण का आगाज कल, रोहतक से होगी शुरुआत

चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस संगठन को जिला स्तर पर सक्रिय करने की कवायद तेज करने जा रही है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में जिलावार बैठकों के चौथे चरण की शुरुआत 17 अगस्त से रोहतक में होगी। यह अभियान 21 अगस्त तक चलेगा, जिसके दौरान चार जिलों में पार्टी पदाधिकारियों, विधानसभा स्तर के नेताओं और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद किया जाएगा।

इस चरण में कांग्रेस का फोकस केवल संगठनात्मक समीक्षा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि स्थानीय जनसमस्याओं, आगामी कार्यक्रमों और पार्टी की जमीनी रणनीति पर भी चर्चा होगी। कार्यक्रम के तहत रोहतक, जींद, फतेहाबाद और कैथल में जिला कांग्रेस कमेटियों की कार्यकारिणियों के साथ बैठकें प्रस्तावित हैं।

रोहतक से होगी शुरुआत

17 अगस्त को रोहतक शहरी और रोहतक ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटियों की कार्यकारिणियों के साथ बैठक होगी। इसके अलावा जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं से भी चर्चा की जाएगी। पार्टी संगठन को बूथ और विधानसभा स्तर तक मजबूत करने के साथ जनता से जुड़े मुद्दों को आगामी राजनीतिक अभियान में प्रमुखता देने पर मंथन करेगी।

जींद में कार्यकर्ताओं से संवाद

18 अगस्त को कांग्रेस का कार्यक्रम जींद में रहेगा। यहां जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी के अलावा अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं और कार्यकर्ताओं से बातचीत की जाएगी। स्थानीय समस्याओं, संगठन की स्थिति और आगामी कार्यक्रमों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों से फीडबैक लिया जाएगा।

HKRN कर्मचारियों के मुद्दे पर पंचकूला में धरना

19 अगस्त का दिन कांग्रेस के लिए संगठनात्मक बैठकों के साथ-साथ आंदोलनात्मक राजनीति के लिहाज से भी अहम रहेगा। पार्टी पंचकूला के सेक्टर-6 में HKRN कर्मचारियों को नियमित करने की मांग को लेकर धरना देगी।

इसी दिन शाम को कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल चंडीगढ़ में मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात करेगा। बैठक में SIR यानी Special Intensive Revision से जुड़े मुद्दों पर चर्चा प्रस्तावित है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के साथ बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में राज्य स्तरीय SIR समिति की बैठक भी होगी।

फतेहाबाद और कैथल में भी बैठकें

जिलावार अभियान का अगला पड़ाव 20 अगस्त को फतेहाबाद होगा। इसके बाद 21 अगस्त को कैथल में जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी और विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की जाएगी।

कांग्रेस के इस चौथे चरण का मकसद जिला और विधानसभा स्तर पर संगठन को और सक्रिय करना, कार्यकर्ताओं से सीधा फीडबैक लेना तथा आगामी जनहित और राजनीतिक अभियानों के लिए रणनीति तैयार करना है। पांच दिनों में चार जिलों का यह कार्यक्रम हरियाणा कांग्रेस के जमीनी संगठन को मजबूत करने की दिशा में अहम कवायद माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button