Haryana

अंबाला ट्रिपल मर्डर: मिट्टी के ठेके के विवाद में परिवार पर चली गोलियां, दादी समेत 3 की मौत

अंबाला : हरियाणा के अंबाला जिले में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। जिले के बिचपड़ी गांव में शनिवार शाम खेत की मिट्टी बेचने से जुड़े पैसों के विवाद में एक युवक ने अपने ही परिवार पर गोलियां चला दीं। इस सनसनीखेज वारदात में 95 वर्षीय दादी समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने गांव में सुरक्षा बढ़ा दी है।

कैसे हुआ खूनी विवाद?

जानकारी के अनुसार, परिवार की करीब दो एकड़ कृषि भूमि की मिट्टी बेचने का ठेका किया गया था। इसी सौदे से मिलने वाली रकम को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक अभिषेक पूरे पैसे अपने कब्जे में लेना चाहता था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य इसका विरोध कर रहे थे। शनिवार शाम इसी मुद्दे पर परिवार के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में अभिषेक ने पिस्तौल निकालकर घर में मौजूद परिजनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

दादी, चाचा और भाई की मौत

फायरिंग में सबसे पहले 95 वर्षीय ईश्वरो देवी को गोली लगी, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा बड़े भाई संदीप, चाचा महेंद्र और चाची सुनीता भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। इलाज के दौरान संदीप और महेंद्र ने भी दम तोड़ दिया। वहीं सुनीता की हालत अभी गंभीर बताई जा रही है।

CCTV में कैद हुई वारदात

गांव में हुई यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपी की गतिविधियों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में घटना को पारिवारिक और आर्थिक विवाद से जुड़ा मामला माना जा रहा है।

गांव में भारी पुलिस बल तैनात

घटना की सूचना मिलते ही शहजादपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डीएसपी नारायणगढ़ समेत वरिष्ठ अधिकारी भी गांव पहुंचे और हालात का जायजा लिया। फोरेंसिक टीम तथा सीन ऑफ क्राइम यूनिट ने घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य सबूत जुटाए। पुलिस ने पूरे गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। आरोपी वारदात के बाद से फरार बताया जा रहा है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button