दिल्ली में बीच सड़क युवक की गोली मारकर हत्या, नॉर्थ-ईस्ट इलाके में फैली दहशत

Delhi Firing News : दिल्ली के उत्तर-पूर्वी इलाके में देर रात हुई गोलीबारी की घटना ने एक बार फिर राजधानी की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। केशव चौक के पास अज्ञात हमलावरों ने एक युवक को घेरकर गोलियां मार दीं, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और भय का माहौल है।
बीच रास्ते में रोककर किया हमला
पुलिस के अनुसार मृतक युवक स्कूटी से शाहदरा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से मौजूद बदमाशों ने उसे रोक लिया। देखते ही देखते हमलावरों ने युवक पर कई राउंड फायरिंग कर दी। गोलियां लगने के बाद युवक सड़क पर गिर पड़ा और हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने घायल युवक को गुरु तेग बहादुर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
#UPDATE | दिल्ली | 19-20.05.26 की दरमियानी रात को, वेलकम थाना क्षेत्र के इलाके में गोलीबारी की एक घटना की सूचना मिली। श्याम लाल कॉलेज के पास घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि घायल अमनुल्लाह कुरैशी (22 वर्ष), पुत्र मो. तस्लीम, निवासी गुरुद्वारा मोहल्ला, मौजपुर को उसके परिवार वाले… https://t.co/UgobXTgV8w
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 20, 2026
मृतक की पहचान अमानुल्लाह कुरैशी के रूप में
मारे गए युवक की पहचान मौजपुर निवासी अमानुल्लाह कुरैशी के तौर पर हुई है। शुरुआती जांच में पुलिस इस हत्याकांड को आपसी दुश्मनी से जोड़कर देख रही है। मृतक के परिजनों ने कुछ लोगों पर हत्या का शक जताया है और उनके नाम पुलिस को सौंपे हैं।
इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
वारदात के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। संवेदनशील जगहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
जांच टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।



