Haryana

हरियाणा में भवन और सड़क परियोजनाओं पर सख्ती, PWD मंत्री रणबीर गंगवा ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

पंचकूला : हरियाणा सरकार ने प्रदेश में चल रही भवन और सड़क परियोजनाओं को समय पर पूरा कराने के लिए सख्त रुख अपनाया है। लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़कें) मंत्री रणबीर गंगवा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी विकास परियोजनाएं तय समयसीमा के भीतर पूरी हों और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए।

पंचकूला स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री ने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रदेशभर में चल रही परियोजनाओं की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में मुख्य अभियंता मौजूद रहे, जबकि विभिन्न सर्कलों के अधीक्षक अभियंताओं ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।

देरी और लापरवाही पर होगी कार्रवाई

रणबीर गंगवा ने कहा कि जिन परियोजनाओं में अनावश्यक देरी हो रही है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि गुणवत्ता में कमी या समयसीमा का पालन नहीं करने वाले ठेकेदारों और एजेंसियों को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि अंतर-विभागीय कारणों से लंबित परियोजनाओं की अलग सूची तैयार की जाए, ताकि संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यों में तेजी लाई जा सके।

बारिश के मौसम में सड़कों पर विशेष निगरानी

पीडब्ल्यूडी मंत्री ने बारिश के दौरान सड़कों पर बनने वाले गड्ढों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आवश्यक मशीनरी और संसाधनों के साथ अलर्ट मोड में रहें, ताकि शिकायत मिलते ही गड्ढों की मरम्मत कर आमजन को सुरक्षित और सुगम यातायात उपलब्ध कराया जा सके।

उन्होंने ‘म्हारी सड़क’ ऐप पर दर्ज होने वाली प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही एक्सईएन, एसडीओ और जेई स्तर के अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड में निरीक्षण करने के लिए कहा।

बड़ी परियोजनाओं की भी हुई समीक्षा

बैठक में 10 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली भवन परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी निर्माण स्थलों पर सूचना बोर्ड लगाए जाएं, जिन पर परियोजना का विवरण, संबंधित अधिकारी का नाम और संपर्क नंबर अंकित हो, ताकि आम नागरिक भी आवश्यक जानकारी साझा कर सकें।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि विभाग वर्तमान में 10 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 23 प्रमुख परियोजनाओं पर कार्य कर रहा है। इसके अलावा प्रदेश में 21 मॉडल रोड विकसित किए जा रहे हैं, जिन्हें निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर पर सरकार का फोकस

रणबीर गंगवा ने कहा कि लोक निर्माण विभाग प्रदेश के आधारभूत ढांचे के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सभी अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनता को बेहतर सड़क और भवन सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देना चाहिए, ताकि विभाग की विश्वसनीयता और मजबूत हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button