Petrol-Diesel पर सरकार का बड़ा फैसला! क्या आम आदमी की बढ़ेगी परेशानी? जानिए नए नियम

नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल की बिक्री एवं वितरण को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नई अधिसूचना के मुताबिक अब किसी भी ग्राहक या वाहन को एक दिन में 200 लीटर से अधिक हाई-स्पीड डीजल (HSD) नहीं बेचा जाएगा। इसके अलावा व्यावसायिक और संस्थागत ग्राहकों के लिए सामान्य रिटेल पेट्रोल पंपों से ईंधन खरीदने पर भी रोक लगा दी गई है।
सरकार द्वारा लागू की गई यह व्यवस्था फिलहाल 90 दिनों तक प्रभावी रहेगी। इस फैसले के बाद आम लोगों और व्यापारिक क्षेत्र में इसके प्रभाव को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
क्या आम लोगों पर पड़ेगा असर?
सरकार के इस फैसले से आम वाहन चालकों को घबराने की जरूरत नहीं है। अधिकांश निजी कारों, एसयूवी और दोपहिया वाहनों की ईंधन टैंक क्षमता 200 लीटर से काफी कम होती है। ऐसे में रोजमर्रा के वाहन उपयोगकर्ताओं पर इसका कोई बड़ा प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है। हालांकि, बड़े पैमाने पर डीजल खरीदने वाले ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर, जनरेटर संचालक, निर्माण कंपनियां और औद्योगिक इकाइयां इस बदलाव से प्रभावित हो सकती हैं।
एक दिन में सिर्फ 200 लीटर डीजल
नई गाइडलाइंस के तहत पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे किसी भी ग्राहक या वाहन को प्रतिदिन 200 लीटर से अधिक हाई-स्पीड डीजल न बेचें। सरकार का मानना है कि इससे ईंधन की अनावश्यक जमाखोरी, अवैध कारोबार और अनधिकृत बिक्री पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
Ministry of Petroleum & Natural Gas: This Control Order restricting daily sales of retail HSD (High Speed Diesel) to 200 litres is to prevent bulk purchase of HSD from Retail Outlets for diversion and resale to commercial and industrial customers causing supply issues. This… pic.twitter.com/cwIrA3sRjc
— ANI (@ANI) June 12, 2026
कमर्शियल ग्राहकों के लिए अलग व्यवस्था
अब कंपनियां, संस्थान और बड़े व्यावसायिक उपभोक्ता सामान्य पेट्रोल पंपों से ईंधन नहीं खरीद पाएंगे। उन्हें अपनी आवश्यकता का पेट्रोल या डीजल अधिकृत कंज्यूमर पंपों से ही लेना होगा। इस कदम का उद्देश्य ईंधन वितरण व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाना बताया जा रहा है।
रीसेलिंग पर भी प्रतिबंध
सरकार ने खरीदे गए हाई-स्पीड डीजल की दोबारा बिक्री (रीसेल) पर भी पूरी तरह रोक लगा दी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
हाई-स्पीड डीजल (HSD) क्या है?
हाई-स्पीड डीजल वही ईंधन है जिसे आमतौर पर डीजल के नाम से जाना जाता है। यह उच्च गुणवत्ता वाला मानक ईंधन है, जिसका उपयोग तेज गति वाले इंजनों में किया जाता है।
HSD का उपयोग इन क्षेत्रों में होता है:
- कार, बस और ट्रक
- कमर्शियल ट्रांसपोर्ट
- निर्माण कार्यों की भारी मशीनरी
- पावर जनरेटर
- कृषि उपकरण और मशीनें
- ऑफ-रोड कंस्ट्रक्शन मशीनें
- गैस टर्बाइन
- पेट्रोलियम ड्रिलिंग उपकरण
90 दिनों तक लागू रहेंगे नियम
सरकार ने स्पष्ट किया है कि ये नियम फिलहाल 90 दिनों के लिए लागू किए गए हैं। जरूरत पड़ने पर सरकार इस अवधि से पहले या बाद में नए आदेश जारी कर सकती है।



