हरियाणा में बड़े स्तर पर डिप्टी डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी और सहायक जिला अटॉर्नी का तबादला, गृह विभाग ने जारी किए आदेश

चंडीगढ़। हरियाणा सरकार के गृह विभाग ने अभियोजन विभाग में बड़े प्रशासनिक फेरबदल करते हुए डिप्टी डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी (DDA) और सहायक जिला अटॉर्नी (ADA) के व्यापक तबादला एवं तैनाती आदेश जारी किए हैं। राज्यपाल की मंजूरी के बाद जारी आदेशों के अनुसार अधिकारियों की नई तैनाती तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
जारी आदेशों के तहत विभिन्न जिलों और विभागों में कार्यरत अभियोजन अधिकारियों को नए जिलों और विभागों में भेजा गया है। इस फेरबदल का उद्देश्य अभियोजन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना तथा विभिन्न जिलों में अनुभवी अधिकारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करना बताया जा रहा है। कई अधिकारियों को जिला अटॉर्नी कार्यालयों के अलावा पुलिस, आबकारी एवं कराधान, सिंचाई, परिवहन, पुनर्वास तथा अन्य विभागों से संबंधित अभियोजन कार्यों की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
आदेशों के अनुसार सोनीपत के डिप्टी डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी परदीप को रोहतक, भिवानी के जगबीर सिंह को गुरुग्राम, फतेहाबाद के रमेश कुमार को भिवानी तथा हिसार के सुरेंद्र सिंह को भिवानी में तैनात किया गया है। वहीं रोहतक के संजय सुहाग को नूंह, सोनू चौधरी को आईजीपी रोहतक रेंज, मीनाक्षी भारद्वाज और नीरज कुमार को गुरुग्राम भेजा गया है। इसके अलावा पंचकूला, कुरुक्षेत्र, कैथल, अंबाला, करनाल, फरीदाबाद और अन्य जिलों से जुड़े कई अधिकारियों की भी नई नियुक्तियां की गई हैं।



