Commonwealth Games 2026: हरियाणा के खिलाड़ियों का जलवा, 13 में से 7 गोल्ड मेडल जीते, CM नायब सैनी ने दी बधाई

चंडीगढ़, 2 अगस्त। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने एक बार फिर देश और प्रदेश का नाम विश्व स्तर पर रोशन किया है। उन्होंने बताया कि भारत को मिले 13 स्वर्ण पदकों में से 7 गोल्ड मेडल हरियाणा के खिलाड़ियों ने अपने नाम किए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में हरियाणा के खिलाड़ियों का योगदान लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि प्रदेश की बेटियां भी लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं और सबसे अधिक पदक जीतकर हरियाणा का गौरव बढ़ा रही हैं। बॉक्सिंग और जैवलिन थ्रो जैसे खेलों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
इन खिलाड़ियों ने दिलाया गौरव
कॉमनवेल्थ गेम्स में हरियाणा के जिन खिलाड़ियों ने पदक जीते, उनमें शामिल हैं—
गोल्ड मेडल
- शर्मीला (रेवाड़ी) – पैरा एथलेटिक्स
- प्रीति पंवार (भिवानी) – बॉक्सिंग
- जैसमीन लम्बोरिया (भिवानी) – बॉक्सिंग
- साक्षी चौधरी – बॉक्सिंग
- सचिन सिवाच – बॉक्सिंग
- प्रिया घनघस – बॉक्सिंग
- अंकुश (हिसार) – बॉक्सिंग
सिल्वर मेडल
- नीरज चोपड़ा (पानीपत) – जैवलिन थ्रो
- नरेंद्र बेरवाल (हांसी) – बॉक्सिंग
ब्रॉन्ज मेडल
- सीमा (भिवानी) – डिस्कस थ्रो
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी शुभकामनाएं दीं और कहा कि इन खिलाड़ियों की सफलता प्रदेश के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी।
खेलों का पावर हाउस है हरियाणा
नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। नई खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों के साथ नकद पुरस्कार भी दिए जा रहे हैं। इसके अलावा प्रदेश में इंडोर स्टेडियम, सिंथेटिक ट्रैक, विश्वस्तरीय खेल अकादमियां, गांव स्तर पर खेल नर्सरी और नए खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिला खिलाड़ियों के लिए विशेष खेल छात्रवृत्ति और मुफ्त कोचिंग जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। “खेलेंगे हरियाणा, जीतेंगे हरियाणा” के संकल्प के साथ सरकार खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग दे रही है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि हरियाणा के खिलाड़ी भविष्य में भी देश के लिए अधिक से अधिक पदक जीतकर राष्ट्र का गौरव बढ़ाते रहेंगे।



