Haryana

हांसी से CM सैनी का बड़ा संदेश: ‘विकसित भारत-विकसित हरियाणा’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा प्रदेश

हांसी/चंडीगढ़, 15 अगस्त: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हांसी में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस और तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने देश की आजादी और राष्ट्र की रक्षा में बलिदान देने वाले ज्ञात-अज्ञात शहीदों को नमन करते हुए कहा कि हरियाणा ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर देश की सीमाओं की सुरक्षा तक हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

समारोह में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रमंडल खेलों के सिल्वर मेडलिस्ट हांसी के बॉक्सर नरेंद्र बेरवाल को सम्मानित किया। वहीं, सर्विस सिक्योरिटी एक्ट के तहत 9 स्थानीय युवाओं को रोजगार गारंटी प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जबकि पुलिसकर्मियों ने भी विशेष शो प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली।

हांसी के विकास को लेकर कई ऐलान

मुख्यमंत्री ने कहा कि हांसी हरियाणा का 23वां जिला बना है और यहां स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराना उनके लिए गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत करने के लिए हांसी में 471 पद स्वीकृत किए गए हैं। वहीं 50 बेड वाले अस्पताल को अपग्रेड कर 100 बेड का किया गया है।

विकास परियोजनाओं को तेजी देने के लिए लोक निर्माण विभाग के नए मंडल और उपमंडल भी स्थापित किए गए हैं।

‘बिना खर्ची-बिना पर्ची’ रोजगार का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता पर जोर दिया है। उनके मुताबिक पिछले करीब 12 वर्षों में 2 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। पिछले डेढ़ साल में करीब 43 हजार युवाओं को रोजगार मिलने का दावा भी उन्होंने किया।

उन्होंने बताया कि 1.56 लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया गया है। MSME और निर्यात संवर्धन नीति-2026 के जरिए 55 हजार करोड़ रुपये से अधिक निवेश और 5 लाख से ज्यादा नए रोजगार के अवसर पैदा करने का लक्ष्य रखा गया है।

किसानों के लिए MSP और मुआवजे का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान सरकार की प्राथमिकताओं में हैं। उनके अनुसार राज्य में 24 फसलों की MSP पर खरीद की जा रही है। करीब 12 लाख किसानों के खातों में फसल खरीद के रूप में 1.86 लाख करोड़ रुपये सीधे पहुंचाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले करीब 12 वर्षों में फसल खराबे के मुआवजे के तौर पर किसानों को 16 हजार करोड़ रुपये दिए गए हैं। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के साथ किसानों को ड्रोन, रिमोट सेंसिंग, AI और डिजिटल कृषि जैसी तकनीकों से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है।

गरीब परिवारों और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि पिछड़ा वर्ग क्रीमीलेयर की आय सीमा 6 लाख से बढ़ाकर 8 लाख रुपये की गई है।

मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना में बेटियों की शादी के लिए 71 हजार रुपये तक सहायता दी जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1.56 लाख मकान दिए जाने और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत करीब 32 हजार गरीब परिवारों को प्लॉट दिए जाने की जानकारी भी उन्होंने दी।

सामाजिक सुरक्षा पेंशन को बढ़ाकर 3,200 रुपये प्रतिमाह किए जाने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही।

महिला सशक्तिकरण पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी’ योजना के तहत महिलाओं को 2,100 रुपये मासिक सहायता दिए जाने की जानकारी दी।

उनके मुताबिक करीब 10 लाख महिलाओं को अब तक 2,042 करोड़ रुपये की राशि दी जा चुकी है। ‘हर घर हर गृहिणी’ योजना के तहत करीब 15 लाख परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने और पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने की बात भी कही गई।

शिक्षा, खेल और स्वास्थ्य में उपलब्धियां गिनाईं

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में हर 20 किलोमीटर पर कॉलेज और हर 10 किलोमीटर पर पीएमश्री या संस्कृति मॉडल स्कूल स्थापित किए गए हैं।

खेलों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि हाल के राष्ट्रमंडल खेलों में हरियाणा के 23 खिलाड़ियों ने भारत का प्रतिनिधित्व किया और देश के लिए 10 पदक जीते, जिनमें 7 स्वर्ण पदक शामिल रहे।

स्वास्थ्य क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 18 मेडिकल कॉलेज हैं, जिनमें 12 पिछले 12 वर्षों में स्थापित किए गए हैं। पांच अन्य मेडिकल कॉलेज निर्माणाधीन हैं। आयुष्मान भारत-चिरायु योजना के तहत करीब 30 लाख लोगों को 4,226 करोड़ रुपये की लागत से मुफ्त इलाज मिलने की जानकारी भी दी गई।

निवेश और उद्योग को लेकर बड़ा लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा को निवेश का पसंदीदा केंद्र बनाने के लिए नई औद्योगिक नीतियां लागू की जा रही हैं। अगले पांच वर्षों में 5 लाख करोड़ रुपये का नया निवेश आकर्षित करने और 10 लाख रोजगार के अवसर पैदा करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने बताया कि नीति के प्री-लॉन्च कार्यक्रम में ही 110 कंपनियों के साथ 1.10 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों के MoU हुए हैं।

गुरुग्राम ग्लोबल सिटी, नारनौल लॉजिस्टिक्स हब, हिसार मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर और सोहना इलेक्ट्रॉनिक्स पार्क जैसी परियोजनाओं का भी मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया।

गांवों और कनेक्टिविटी पर भी फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण विकास के लिए चालू वित्त वर्ष में 8,704 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। 6 हजार से ज्यादा गांवों में 24 घंटे बिजली और 30 लाख से अधिक ग्रामीण घरों में नल से स्वच्छ पानी पहुंचाने का दावा किया गया।

उन्होंने बताया कि करीब 2,800 अमृत सरोवर बनाए गए हैं और ग्रामीण इलाकों में 996 अटल पुस्तकालय संचालित हैं। इस वित्त वर्ष में 1,000 नए अटल पुस्तकालय खोलने का लक्ष्य है।

सड़क और कनेक्टिविटी का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले करीब 12 वर्षों में 43,703 किलोमीटर सड़कों में सुधार और 2,417 किलोमीटर नई सड़कों का निर्माण किया गया।

वहीं हिसार के महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे से अयोध्या, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और जयपुर के लिए उड़ानों का भी उल्लेख किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा ‘विकसित भारत-विकसित हरियाणा’ के संकल्प के साथ विकास की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है और प्रदेशवासियों से इस लक्ष्य को हासिल करने में भागीदार बनने का आह्वान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button