Haryana

हरियाणा में ‘स्वच्छता से स्वागत अभियान’ की शुरुआत, सीएम नायब सैनी ने पंचकूला से दिया स्वच्छता और हरियाली का संदेश

पंचकूला : हरियाणा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे से पहले भारतीय जनता पार्टी की ओर से ‘स्वच्छता से स्वागत अभियान’ की शुरुआत सोमवार को पंचकूला से की गई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सेक्टर-20 स्थित मार्केट में पहुंचकर स्वयं झाड़ू लगाई, कचरा उठाया और प्रदेशवासियों को स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, पंचकूला के मेयर श्यामलाल बंसल सहित भाजपा के कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। अभियान के दौरान सफाई के साथ-साथ पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

13 से 17 जुलाई तक चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान

मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई के हरियाणा दौरे को देखते हुए 13 जुलाई से 17 जुलाई तक पूरे प्रदेश में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान में राज्य के विभिन्न जिलों में मंत्री, सांसद, विधायक और स्थानीय जनप्रतिनिधि सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि लोगों में स्वच्छता के प्रति स्थायी जागरूकता पैदा करना है।

17 जुलाई को हरियाणा को मिलेंगी कई बड़ी सौगातें

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को हरियाणा के जींद पहुंचेंगे। इस दौरान प्रदेश को कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री देश की महत्वाकांक्षी हाइड्रोजन ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाएंगे। इसके अलावा विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया जाएगा, जिससे राज्य के बुनियादी ढांचे और परिवहन व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

पौधारोपण पर भी दिया विशेष जोर

स्वच्छता अभियान के साथ मुख्यमंत्री ने पौधारोपण कार्यक्रम में भी भाग लिया। उन्होंने बताया कि वे जहां भी किसी कार्यक्रम में जाते हैं, वहां कम से कम 100 पौधे लगाने का प्रयास किया जाता है।

उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत भी इस अवसर पर 100 पौधे लगाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।

जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए हरियाली जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास परियोजनाओं के कारण कई बार पेड़ों की कटाई आवश्यक हो जाती है, लेकिन इसकी भरपाई बड़े पैमाने पर नए पौधे लगाकर की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौती से निपटने के लिए हर नागरिक को पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभानी होगी।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण और हरियाली दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए इन पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button