Haryana

युवाओं की ताकत से बनेगा विकसित भारत, हुनर और शिक्षा ही सफलता की असली कुंजी: डॉ. अर्चना गुप्ता

अंतर्राष्ट्रीय रोजगार महोत्सव में युवाओं को दिया कौशल विकास, प्राकृतिक खेती और स्वरोजगार अपनाने का संदेश

कुरुक्षेत्र: भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी शक्ति उसकी युवा आबादी है और यही युवा देश को विकसित राष्ट्र बनाने में निर्णायक भूमिका निभाएंगे। उन्होंने युवाओं से केवल डिग्री हासिल करने के बजाय कौशल विकास, रोजगारपरक शिक्षा और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कुरुक्षेत्र में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय रोजगार महोत्सव को संबोधित करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि आज के दौर में सफलता का आधार केवल शिक्षा नहीं, बल्कि शिक्षा के साथ हुनर और मेहनत भी है। उन्होंने युवाओं को बदलते समय के अनुसार स्वयं को तैयार करने की सलाह दी।

रोजगार और करियर के लिए महत्वपूर्ण मंच बना रोजगार महोत्सव

उन्होंने कहा कि रोजगार महोत्सव जैसे आयोजन युवाओं को देश और विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों, विशेषज्ञों और रोजगार के अवसरों से जोड़ने का काम करते हैं। ऐसे मंच युवाओं को अपने करियर की दिशा तय करने और नई संभावनाओं को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने आयोजन के लिए नवीन जिंदल फाउंडेशन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने में सहायक साबित हो सकती है।

नई शिक्षा नीति से बदली शिक्षा की तस्वीर

डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि नई शिक्षा नीति के लागू होने के बाद शिक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव आया है। अब शिक्षा को केवल डिग्री तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि कौशल विकास और रोजगारपरक प्रशिक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि देशभर में स्थापित स्किल डेवलपमेंट सेंटर युवाओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के लिए तैयार कर रहे हैं।

विदेश पलायन पर जताई चिंता

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने हरियाणा के युवाओं के विदेश पलायन पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बेहतर अवसरों के लिए विदेश जाना गलत नहीं है, लेकिन अवैध और जोखिम भरे रास्तों को अपनाना चिंता का विषय है।उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों को सही मार्गदर्शन दें और केवल विदेश भेजने को ही सफलता का एकमात्र रास्ता न समझें।

कृषि और स्वरोजगार को अपनाने की अपील

डॉ. गुप्ता ने कहा कि हरियाणा कृषि प्रधान राज्य है और यहां के किसानों ने देश की खाद्य सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने युवाओं से प्राकृतिक खेती, कृषि आधारित उद्योगों और स्वरोजगार के अवसरों की ओर भी ध्यान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वैश्विक बाजार में भारतीय उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है और युवाओं के लिए इस क्षेत्र में अपार संभावनाएं मौजूद हैं।

पारंपरिक हुनर को बचाने की जरूरत

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि पारंपरिक कौशल और पारिवारिक व्यवसाय हमारी सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा हैं। नई पीढ़ी तक इन हुनरों को पहुंचाना आवश्यक है ताकि स्थानीय रोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिल सके।

योग्यता के आधार पर मिल रही नौकरियां

डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि हरियाणा सरकार युवाओं को बिना किसी भेदभाव के अवसर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान व्यवस्था में युवाओं को उनकी योग्यता और क्षमता के आधार पर सरकारी नौकरियां मिल रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button