चानौत गांव के पेयजल विवाद का निकला समाधान, नई 4 इंच टी-लाइन को मिली मंजूरी
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल की पहल के बाद खत्म हुआ ग्रामीणों का धरना, अतिरिक्त जलापूर्ति के लिए बनेगा नया कनेक्शन

चंडीगढ़/हांसी: हिसार जिले के हांसी क्षेत्र के चानौत गांव में लंबे समय से चल रहे पेयजल विवाद का समाधान हो गया है। केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल की पहल पर गांव को मुख्य पेयजल पाइपलाइन से 4 इंच की नई टी-लाइन (कनेक्शन) देने का फैसला लिया गया है। विभागीय स्वीकृति मिलने के बाद ग्रामीणों ने अपना धरना समाप्त करने की घोषणा कर दी।
पीडब्ल्यूडी विश्रामगृह, हांसी में आयोजित बैठक में ग्रामीणों, धरना समिति और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया।
मौजूदा जलापूर्ति रहेगी जारी, जरूरत पड़ने पर मिलेगी अतिरिक्त सप्लाई
मनोहर लाल ने बताया कि गांव की वर्तमान पेयजल व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। नई टी-लाइन केवल अतिरिक्त और वैकल्पिक जलापूर्ति के लिए होगी। भविष्य में यदि गांव में पानी की मांग बढ़ती है या मौजूदा व्यवस्था पर्याप्त नहीं रहती, तो इसी नई लाइन के माध्यम से अतिरिक्त पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
तकनीकी जांच के बाद मिली मंजूरी
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि विभागीय अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा किए गए परीक्षण में पाया गया कि मुख्य पाइपलाइन की क्षमता पर्याप्त है। चानौत गांव को अतिरिक्त जल कनेक्शन देने से आसपास के अन्य गांवों की जलापूर्ति प्रभावित नहीं होगी। इसी आधार पर चार इंच की नई टी-लाइन लगाने को मंजूरी दी गई।
अधिकारियों को जल्द कार्य शुरू करने के निर्देश
बैठक के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना से जुड़ी तकनीकी और प्रशासनिक बाधाओं पर भी चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी कर नई लाइन का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक गांव और शहर तक स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना है तथा ग्रामीण क्षेत्रों के बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने जताया संतोष
बैठक में उपस्थित ग्रामीणों और धरना समिति के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई थी। सरकार द्वारा उनकी मांग स्वीकार किए जाने के बाद उन्होंने आंदोलन समाप्त करने का फैसला लिया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि विभाग जल्द निर्माण कार्य शुरू कर गांव को अतिरिक्त जलापूर्ति का लाभ उपलब्ध कराएगा।
बैठक में हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला, विधायक विनोद भयाना, उपायुक्त राहुल नरवाल, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार तथा अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।



