“इस सावन नोटों की बरसात हुई…” अनिल विज का अनोखा अंदाज, PM मोदी की 14 हजार करोड़ की सौगातों पर यूं जताया आभार

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हरियाणा को 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देने पर अनोखे अंदाज में आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस बार सावन में बारिश नहीं, बल्कि विकास की “नोटों की बरसात” हुई है। विज ने देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत को भारत और हरियाणा के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
कवितामय अंदाज में जताया आभार
अंबाला में प्रधानमंत्री के जींद कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए अनिल विज ने कहा,
“इस बरस सावन में अजब बात हुई, पहले गिरती थीं बूंदें, इस बरस नोटों की बरसात हुई, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा आए हैं और 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की सौगात लेकर आए हैं।”
उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं प्रदेश के विकास को नई गति देंगी और आने वाले वर्षों में हरियाणा की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
हाइड्रोजन ट्रेन को बताया ऐतिहासिक कदम
अनिल विज ने कहा कि जींद से सोनीपत के बीच देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन शुरू होना हरियाणा के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि के साथ हरियाणा का नाम देश के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो गया है।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल, कोयला और गैस जैसे पारंपरिक ऊर्जा स्रोत सीमित हैं, इसलिए भविष्य वैकल्पिक ऊर्जा का है और हाइड्रोजन ऊर्जा इसी दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी।
क्या है हाइड्रोजन ट्रेन की खासियत?
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि हाइड्रोजन को ऑक्सीजन के साथ रासायनिक प्रक्रिया से ऊर्जा में बदला जाता है, जिससे ट्रेन संचालित होती है। इस प्रक्रिया में प्रदूषण नगण्य होता है और पर्यावरण को नुकसान नहीं पहुंचता। उनका कहना था कि यही कारण है कि दुनिया तेजी से हरित ऊर्जा की ओर बढ़ रही है।
सौर ऊर्जा को भी मिलेगा बढ़ावा
अनिल विज ने कहा कि हरियाणा सरकार राज्य में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए नई योजनाओं पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पीएम सूर्य घर योजना के तहत कर्मचारियों और आम उपभोक्ताओं के घरों में सोलर सिस्टम लगाने की व्यवस्था को और आसान बनाया जाएगा। इसके लिए लोगों को बैंक के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और सब्सिडी के साथ शेष राशि आसान किस्तों में बिजली बिल के माध्यम से वसूली जाएगी।
विकास को मिलेगी नई रफ्तार
विज ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटित अंबाला-कालाअंब राष्ट्रीय राजमार्ग, देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन और अन्य विकास परियोजनाएं हरियाणा में उद्योग, व्यापार, पर्यटन और आधुनिक बुनियादी ढांचे को नई गति देंगी। उन्होंने इसे विकसित भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।



