हरियाणा के 24 खिलाड़ियों पर बरसी इनामों की बारिश, मिले करीब 14 करोड़ रुपये; 11 पदकों के साथ बढ़ाया प्रदेश का मान

पंचकूला: कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले हरियाणा के खिलाड़ियों के सम्मान में बुधवार को पंचकूला में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पदक विजेताओं और प्रतिभागी खिलाड़ियों को सम्मानित किया। समारोह में 24 खिलाड़ियों को कुल 13 करोड़ 97 लाख 50 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
इस मौके पर शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम, सांसद रेखा शर्मा, मेयर श्यामलाल बंसल, खेल विभाग की प्रधान सचिव अमनीत पी. कुमार, खेल विभाग के निदेशक पार्थ गुप्ता सहित खिलाड़ी और उनके परिजन मौजूद रहे।
पदकों में हरियाणा की बड़ी हिस्सेदारी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं होती। इसके पीछे वर्षों की मेहनत, अनुशासन, परिवार का सहयोग, प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन और असफलताओं से सीखकर लगातार आगे बढ़ने का जज्बा होता है।
उन्होंने कहा कि ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में हरियाणा के खिलाड़ियों ने देश का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की पहचान केवल कृषि और अन्न उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की धरती खेल प्रतिभाओं को भी लगातार तैयार कर रही है।
देश की कुल आबादी में हरियाणा की हिस्सेदारी करीब 2 प्रतिशत है। इसके बावजूद कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के 122 खिलाड़ियों में 24 खिलाड़ी हरियाणा से रहे। प्रदेश के खिलाड़ियों ने कुल 11 पदक अपने नाम किए, जिनमें 7 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य शामिल हैं। इस प्रदर्शन ने देश की कुल पदक उपलब्धि में हरियाणा की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
बेटियों ने भी दिखाया दम, 6 पदकों में 5 गोल्ड
हरियाणा की महिला खिलाड़ियों ने भी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। प्रदेश के 11 पदकों में से 6 पदक बेटियों के नाम रहे, जिनमें 5 स्वर्ण पदक शामिल हैं।
मुक्केबाजी में भी हरियाणा का प्रदर्शन विशेष रूप से प्रभावशाली रहा। भारत को मिले 7 स्वर्ण पदकों में से 6 स्वर्ण हरियाणा के मुक्केबाजों ने हासिल किए। प्रीति पवार, जैस्मिन लम्बोरिया, साक्षी चौधरी, प्रिया घनघस, सचिन सिवाच और अंकुश पंघाल ने अपने-अपने मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए देश के लिए स्वर्ण पदक जीते।
260 खिलाड़ियों को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार की उत्कृष्ट खिलाड़ी भर्ती नीति के तहत अब तक 260 खिलाड़ियों को ग्रुप-A, ग्रुप-B और ग्रुप-C श्रेणी में सरकारी रोजगार दिया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को सम्मान और आर्थिक प्रोत्साहन देने की नीति केवल मौजूदा कॉमनवेल्थ पदक विजेताओं तक सीमित नहीं है। पिछले करीब 12 वर्षों में प्रदेश के 17,544 खिलाड़ियों को 742 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी जा चुकी है।



