Haryana

Yamunanagar Firing: सभरवाल टायर शोरूम पर देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग, पोस्टर चिपकाकर दी धमकी; CCTV खंगाल रही पुलिस

Yamunanagar Firing: हरियाणा के यमुनानगर में देर रात हुई फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। शहर की रामपुरा कॉलोनी स्थित सभरवाल टायर शोरूम को निशाना बनाते हुए अज्ञात हमलावरों ने कई राउंड गोलियां चलाईं। घटना के बाद शोरूम के बाहर एक कागज पर लिखा हुआ धमकी भरा संदेश भी चिपका मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक विशेषज्ञों और अन्य जांच टीमें मौके पर पहुंचीं और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया।

3 से 4 राउंड फायरिंग की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, देर रात अज्ञात बदमाश शोरूम के बाहर पहुंचे और कई राउंड फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। शुरुआती जांच में तीन से चार गोलियां चलने की बात सामने आई है। घटना के समय शोरूम बंद था, इसलिए किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

शोरूम के बाहर मिला धमकी भरा पोस्टर

फायरिंग के साथ-साथ बदमाश शोरूम के बाहर एक कागज भी चिपकाकर गए। पुलिस ने इस पोस्टर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पोस्टर में लिखे संदेश और उसके पीछे की मंशा को लेकर पुलिस आधिकारिक तौर पर कोई टिप्पणी नहीं कर रही है।

पुलिस और फोरेंसिक टीम जुटी जांच में

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फोरेंसिक टीम और अन्य जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और आसपास के इलाके का निरीक्षण किया गया।

रामपुरा पुलिस चौकी प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शिकायत मिलने की प्रक्रिया जारी है और उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि घटनास्थल की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

हमलावरों की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फायरिंग के पीछे धमकी, रंगदारी या कोई अन्य कारण तो नहीं है।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button