हरियाणा CM के स्पेशल ऑफिसर बने भोपाल सिंह खदरी

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर एक महत्वपूर्ण नियुक्ति करते हुए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) के पूर्व अध्यक्ष भोपाल सिंह खदरी को मुख्यमंत्री का स्पेशल ऑफिसर (ग्रिवेंस रिड्रेसल) नियुक्त किया है। इस पद पर वे मुख्यमंत्री कार्यालय में शिकायतों के निस्तारण और जनसुनवाई से जुड़े मामलों की निगरानी करेंगे। इस संबंध में हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की ओर से 12 जुलाई को नियुक्ति आदेश जारी किए गए हैं।
अस्थायी आधार पर हुई नियुक्ति
सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, भोपाल सिंह खदरी की नियुक्ति फिलहाल अस्थायी आधार पर की गई है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि वे इस पद पर तब तक कार्य करेंगे, जब तक मुख्यमंत्री उन्हें विशेष शिकायत निवारण अधिकारी के रूप में बनाए रखना उचित समझेंगे। उनके वेतन, भत्तों, सेवा शर्तों और अन्य प्रशासनिक प्रावधानों से संबंधित अलग आदेश बाद में जारी किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री कार्यालय में निभाएंगे अहम भूमिका
स्पेशल ऑफिसर (ग्रिवेंस रिड्रेसल) के रूप में भोपाल सिंह खदरी की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचने वाली जन शिकायतों की समीक्षा, उनके त्वरित निस्तारण की निगरानी तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने की होगी। सरकार का उद्देश्य शिकायत निवारण प्रणाली को और अधिक प्रभावी तथा जवाबदेह बनाना है।
HSSC के पूर्व चेयरमैन रह चुके हैं भोपाल सिंह खदरी
यमुनानगर जिले के गांव खदरी निवासी भोपाल सिंह खदरी इससे पहले हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) के अध्यक्ष के रूप में कार्य कर चुके हैं। उन्हें 23 मार्च 2021 को आयोग का चेयरमैन नियुक्त किया गया था। उनका कार्यकाल 23 मार्च 2024 तक निर्धारित था, लेकिन निर्धारित अवधि पूरी होने से पहले ही उन्होंने 15 मार्च 2024 को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। अब उन्हें मुख्यमंत्री कार्यालय में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।



