हरियाणा रोडवेज यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी! एक महीने में आएगा मोबाइल ऐप, 500 इलेक्ट्रिक बसें खरीदने का ऐलान

चंडीगढ़, 18 अगस्त: हरियाणा रोडवेज में सफर करने वाले यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए परिवहन विभाग कई बड़े बदलाव करने जा रहा है। परिवहन मंत्री अनिल विज ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आगामी एक महीने के भीतर हरियाणा रोडवेज का मोबाइल ऐप लॉन्च किया जाए। इस ऐप के जरिए यात्री बसों की लाइव लोकेशन सहित कई महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कर सकेंगे।
परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अनिल विज ने रोडवेज के संचालन, बसों की उपलब्धता, तकनीकी निगरानी और बस अड्डों की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को कई दिशा-निर्देश दिए।
लाइव लोकेशन बताएगा रोडवेज का नया ऐप
मंत्री के मुताबिक प्रस्तावित मोबाइल ऐप में यात्रियों को बसों की लाइव लोकेशन, निर्धारित बस स्टॉप या बस अड्डे पर बस के पहुंचने की संभावित जानकारी और विभिन्न रूटों के किराए जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
ऐप में बसों के अनधिकृत स्थानों पर रुकने की जानकारी भी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। यात्रियों की सुविधा के लिए इसे हिंदी, अंग्रेजी और पंजाबी तीन भाषाओं में तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
ऐप को Android और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न यात्रा योजनाओं के तहत डिजिटल QR कोड या कार्ड जैसी सुविधाओं को भी ऐप में शामिल करने की तैयारी है।
700 नए कंडक्टरों की होगी भर्ती
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि रोडवेज में करीब 700 कंडक्टरों की पदोन्नति प्रस्तावित है। उनके स्थान पर नए कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी। परिवहन मंत्री ने भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी कार्रवाई जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही हरियाणा में 500 इलेक्ट्रिक बसें खरीदने की योजना है। सरकार का कहना है कि इससे ग्रीन ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
वहीं, हरियाणा रोडवेज इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन के माध्यम से 125 सामान्य बसें भी तैयार की जा रही हैं।
हर रोडवेज बस में लगेगा GPS
यात्रियों को बसों की सही जानकारी उपलब्ध कराने के लिए सभी हरियाणा रोडवेज बसों में GPS सिस्टम लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
बस अड्डों पर अब डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगाने की भी तैयारी है। इन बोर्ड पर बसों के रूट, गंतव्य और समय-सारिणी की जानकारी दिखाई जाएगी, ताकि यात्रियों को बसों के समय को लेकर परेशानी न हो।
इसके अलावा बस के बस अड्डे पर पहुंचने और वहां से रवाना होने का समय कंट्रोल सेंटर में रिकॉर्ड किया जाएगा।
तय बस अड्डे पर नहीं पहुंची बस तो तय होगी जवाबदेही
परिवहन मंत्री ने अधिकारियों को व्यवस्था ऐसी बनाने के निर्देश दिए हैं कि यदि कोई चालक निर्धारित बस अड्डे पर बस नहीं ले जाता है तो सिस्टम के जरिए उसकी जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया शुरू हो सके।
इससे बसों के संचालन की निगरानी मजबूत होने और यात्रियों को बेहतर सेवा मिलने की उम्मीद है।
बस अड्डों पर अवैध खाद्य विक्रेताओं पर सख्ती
बैठक में बस अड्डों पर बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर भी चर्चा हुई। अनिल विज ने अवैध रूप से खाद्य सामग्री बेचने वाले विक्रेताओं को हटाने के निर्देश दिए।
उन्होंने यात्रियों को स्वच्छ और उचित कीमत पर भोजन उपलब्ध कराने के लिए IRCTC की तर्ज पर परिवहन विभाग के तहत नई संस्था गठित करने की संभावनाएं तलाशने को कहा।
मंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि यात्रियों को खाने-पीने के नाम पर खराब या मिलावटी सामान नहीं बेचा जाना चाहिए।
देश के मॉडल बस अड्डे बनाने का लक्ष्य
अनिल विज ने बस अड्डों की सफाई व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने शौचालयों की नियमित सफाई, वैक्यूम क्लीनिंग और जर्जर शौचालयों की मरम्मत या पुनर्निर्माण के निर्देश दिए।
मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि हरियाणा के बस अड्डों को स्वच्छता के मामले में देश के लिए मॉडल बनाया जाना चाहिए।



