धन्यौड़ा बोरवेल हादसा: देर रात मौके पर पहुंचे मंत्री अनिल विज, बोले- ‘मासूम की जान बचाना हमारी पहली प्राथमिकता’

Ambala Borewell Accident: हरियाणा के अंबाला जिले के धन्यौड़ा गांव में खुले बोरवेल में गिरे चार वर्षीय मासूम निरवैर सिंह को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान लगातार जारी है। सोमवार देर शाम हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज घटनास्थल पर पहुंचे और चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन का निरीक्षण किया।
मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से बचाव अभियान की जानकारी ली और बच्चे के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।
‘बच्चे को सुरक्षित निकालना सबसे बड़ी प्राथमिकता’
अनिल विज ने कहा कि प्रशासन का पूरा ध्यान बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि मासूम की जान बचाना सरकार की पहली प्राथमिकता है और इसके लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है।
उन्होंने भरोसा जताया कि बचाव दल पूरी तत्परता और सावधानी के साथ अभियान चला रहा है।
सेना और SDRF की टीमें जुटीं
मंत्री ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन में सेना और एसडीआरएफ (State Disaster Response Force) की टीमें लगातार जुटी हुई हैं। विशेषज्ञों की निगरानी में बोरवेल तक सुरक्षित पहुंच बनाने और बच्चे को जल्द से जल्द बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
परिजनों से मिलकर बढ़ाया हौसला
घटनास्थल पर पहुंचने के बाद अनिल विज ने बच्चे के परिजनों से बातचीत की और उन्हें धैर्य रखने की अपील की। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशासन हर पल स्थिति पर नजर बनाए हुए है और बचाव अभियान में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।



