रोहतक अग्निकांड: मुख्यमंत्री नायब सैनी ने किया प्रभावित क्षेत्र का दौरा, मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये सहायता का ऐलान

रोहतक। रोहतक के डी-पार्क क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रभावित इलाके का दौरा कर हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आग से प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हादसे में जान गंवाने वाले व्यापारियों के परिवारों से मिलकर संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों और प्रभावित व्यापारियों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने हादसे में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए प्रशासन को राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मृतकों के परिवारों को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की कि आग की घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को 10 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा आग से प्रभावित दुकानदारों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए 5 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि रेहड़ी-फड़ी लगाकर आजीविका चलाने वाले छोटे कारोबारियों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
पीड़ितों का दर्द सुना, हरसंभव मदद का भरोसा
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रभावित व्यापारियों और स्थानीय लोगों से बातचीत की। कई व्यापारियों ने बताया कि आग लगने से उनका लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार राहत और पुनर्वास के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी।



