Haryana

देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन आत्मनिर्भर भारत और हरित भविष्य की नई पहचान : डॉ. सुधा यादव

चंडीगढ़/जींद, 14 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता, भाजपा संसदीय बोर्ड एवं केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य तथा पूर्व सांसद डॉ. सुधा यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल आत्मनिर्भर भारत, हरित ऊर्जा और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। डॉ. सुधा यादव जींद में आयोजित एक प्रेसवार्ता को संबोधित कर रही थीं। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. अरविंद सैनी, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी शमशेर सिंह खरक, मुख्यमंत्री मीडिया कोऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा, डिप्टी स्पीकर के मीडिया प्रभारी सन्नी मग्गू, प्रदेश प्रवक्ता रामराज शर्मा, राजवीर रोहिल्ला, जिला मीडिया प्रभारी राकेश बैरागी तथा आईटी प्रमुख विकास श्योकंद सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हरित ऊर्जा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
डॉ. यादव ने कहा कि हाइड्रोजन आधारित रेल प्रणाली स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन को बढ़ावा देगी। इससे कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी, पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता घटेगी तथा आधुनिक तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में भारत की क्षमता मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि इस पहल से भारत हाइड्रोजन रेल तकनीक अपनाने वाले चुनिंदा देशों में शामिल होने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

विकास और गरीब कल्याण साथ-साथ
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में विकास और गरीब कल्याण को समान प्राथमिकता दी गई है। प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत 55 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जिनके माध्यम से प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के जरिए सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के माध्यम से करोड़ों ग्रामीण परिवारों तक नल से जल की सुविधा पहुंचाई गई है। वहीं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 10 करोड़ से अधिक गैस कनेक्शन प्रदान कर महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार लाने का प्रयास किया गया है।

नारी सशक्तिकरण को मिली नई दिशा
डॉ. यादव ने कहा कि हरियाणा से शुरू हुआ ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान आज राष्ट्रीय स्तर का जनआंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आज महिलाएं सशस्त्र बलों, वायुसेना तथा अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं।

विकसित भारत के लक्ष्य की ओर
उन्होंने कहा कि ‘मेक इन इंडिया’, ‘स्टार्टअप इंडिया’, ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट (ODOP)’ तथा ‘आत्मनिर्भर भारत’ जैसे अभियानों ने भारत को विनिर्माण और नवाचार के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई है। देशभर में सड़कों, रेलवे, एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे और अन्य आधारभूत ढांचे का विस्तार विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार कर रहा है।

राजनीतिक जीवन की शुरुआत का किया उल्लेख
डॉ. सुधा यादव ने अपने राजनीतिक जीवन के शुरुआती दौर को याद करते हुए कहा कि वर्ष 1999 के लोकसभा चुनाव के समय तत्कालीन हरियाणा भाजपा प्रभारी नरेंद्र मोदी ने उन पर विश्वास व्यक्त कर सार्वजनिक जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया था। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में शहीद हुए उनके पति कमांडेंट सुखबीर सिंह यादव के बलिदान ने उन्हें जनसेवा के लिए प्रेरित किया।

17 जुलाई को जींद पहुंचने का आह्वान
प्रेसवार्ता के अंत में डॉ. सुधा यादव ने हरियाणावासियों से 17 जुलाई को जींद पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम विकसित भारत के संकल्प को नई गति देने वाला महत्वपूर्ण अवसर होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button